भोपाल , जनवरी 13 -- भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक में शहर से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव बहुमत से पारित किए गए। बैठक के दौरान जल कनेक्शन व्यवस्था, विवाह पंजीयन शुल्क में कमी और अमृत 2.0 योजना से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा हुई। वहीं, स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मुद्दे पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताते हुए सदन से वॉकआउट किया।
परिषद ने कॉलोनियों में बल्क कनेक्शन के स्थान पर सिंगल यानी व्यक्तिगत नल कनेक्शन देने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी। प्रस्ताव के अनुसार, संबंधित कॉलोनी के 70 प्रतिशत से अधिक निवासियों की सहमति होने पर व्यक्तिगत नल कनेक्शन दिए जा सकेंगे। इससे जल शुल्क में कमी आएगी और बिल से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलेगी।
बैठक में विवाह पंजीयन शुल्क में भी बड़ी राहत देने का निर्णय लिया गया। अब 30 दिन के भीतर आवेदन करने पर विवाह पंजीयन शुल्क मात्र 130 रुपये रहेगा। 30 दिन के बाद आवेदन करने की स्थिति में अधिकतम शुल्क 1100 रुपये ही देना होगा। पहले विलंब शुल्क सहित यह राशि 5 हजार रुपये तक पहुंच जाती थी।
इसके साथ ही अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शहर में जलप्रदाय और सीवरेज से जुड़े बड़े प्रोजेक्टों को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस योजना में केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड के माध्यम से राशि जुटाई जाएगी।
बैठक के दौरान स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने के मामले को लेकर कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई। कांग्रेस पार्षद पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे और महापौर व एमआईसी से इस्तीफे की मांग की। भोजन अवकाश के बाद कांग्रेस पार्षदों ने विरोध दर्ज कराते हुए वॉकआउट कर दिया। वहीं भाजपा पार्षदों ने भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित