अमृतसर , दिसंबर 17 -- पंजाब में अमृतसर के नगर निगम आयुक्त बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने बुधवार को कहा कि नगर निगम द्वारा करवाए जा रहे भौगोलिक सूचना प्रणाली (जी.आई.एस.) सर्वे के नाम पर कोई फीस नहीं ले रही है।

श्री शेरगिल ने कहा कि स्थानीय विभाग द्वारा शहर की लगभग चार लाख संपत्तियों की डिजिटल मैपिंग के लिए साइबर स्विफ्ट कंपनी को ठेका दिया गया है। जिसको लेकर उनके ध्यान में आया है कि कुछ लोग जी.आई.एस सर्वें के नाम पर धड़ले से घरों से सौ-सौ रुपये की वसूली कर रहे हैं, जो की सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा साइबर स्विफ्ट कंपनी के अलावा किसी और कंपनी या संस्था को जी.आई.एस सर्वे के लिए नही रखा गया है और कंपनी के कर्मचारियों द्वारा ही घर-घर जाकर बिना किसी पैसे के यह सर्वे किया जा रहा है। शहरवासियों को सिर्फ सर्वे के लिए आने वाली टीम को अपनी प्रापर्टी से संबंधित जानकारी देनी है और अगर कोई सर्वे के नाम पर पैसों की मांग करता है तो उसकी जानकारी तुरंत नगर निगम को दें।

निगम आयुक्त ने कहा कि डिजिटल मैपिंग से नगर निगम के लिए शहर के बुनियादे ढांचे को अपग्रेड करने, बेहतर टाऊन प्लानिंग, पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बेहतर करने के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने में सुविधा होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित