हैदराबाद , फरवरी 17 -- तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष कलवकुंतला कविता ने मंगलवार को आरोप लगाया कि हालिया नगर निकाय चुनाव बीआरएस-भाजपा गठबंधन की ओर पहला कदम थे और दावा किया कि भाजपा ने बीआरएस के समर्थन से राज्य में महत्वपूर्ण नगर पालिका अध्यक्ष पदों पर जीत हासिल की है।

बेगमपेट स्थित महात्मा ज्योतिराव फुले प्रजा भवन में तेलंगाना जागृति की महिला नेताओं के किये गये विरोध प्रदर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए सुश्री कविता ने कहा कि चुनाव परिणामों ने दोनों दलों के बीच कथित मिलीभगत के बारे में उनके पिछले बयानों की पुष्टि की है। उन्होंने बीआरएस-भाजपा के बीच आंतरिक सहयोग के प्रमाण के रूप में करीमनगर और नारायणपेट नगर पालिकाओं में भाजपा की जीत का हवाला दिया।

इससे पहले दिन में, तेलंगाना जागृति की महिला शाखा की नेताओं ने बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ प्रजा भवन का घेराव किया। वे कांग्रेस के चुनावी वादों को पूरा करने की मांग कर रही थीं, जिनमें महिलाओं को 2,500 रुपये की मासिक सहायता, वृद्धावस्था और विकलांगता पेंशन में वृद्धि, 'कल्याण लक्ष्मी' योजना के लाभों के साथ सोना और युवतियों के लिए स्कूटर शामिल हैं। विरोध प्रदर्शन के कारण वहां तनाव की स्थिति पैदा हो गयी, जिसके बाद पुलिस ने सुश्री कविता और अन्य नेताओं को 'प्रजावाणी' की विशेष अधिकारी दिव्या देवराजन से मिलने और ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी।

सुश्री कविता ने मांग की कि महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य वर्गों से किये गये सभी वादों को लागू करने के लिए आगामी बजट में पर्याप्त धनराशि आवंटित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार कार्रवाई करने में विफल रहती है तो तेलंगाना जागृति सचिवालय और विधानसभा पर विरोध प्रदर्शन सहित अपने आंदोलनों की शृंखला को और तेज करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित