चंडीगढ़ , अप्रैल 29 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बुधवार को नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए पार्टी का संकल्प पत्र जारी किया। पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, रेवाड़ी, सांपला और उकलाना में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए जारी इस संकल्प पत्र में 21 प्रमुख वादे किये गये हैं।
श्री सैनी ने कहा कि संकल्प पत्र भाजपा के लिए सिर्फ घोषणा नहीं, बल्कि जनता के प्रति जिम्मेदारी है औरइसमें किये गये हर वादे को 100 प्रतिशत पूरा करना सरकार का दायित्व है। उन्होंने इसे प्रदेश के संतुलित शहरी विकास का रोडमैप बताया और कहा कि 'ट्रिपल इंजन' सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
संकल्प पत्र में शहरों को हरित बनाने, स्वच्छता अभियान को मजबूत करने, सीवरेज व्यवस्था सुधार, आधुनिक पार्क, ट्रैफिक और सड़क ढांचे का विकास, मल्टी-लेवल पार्किंग, जल संरक्षण, स्ट्रीट वेंडर्स के सशक्तिकरण, सीसीटीवी सुरक्षा और नागरिक सेवाओं के डिजिटलीकरण जैसे मुद्दों पर जोर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2024 विधानसभा चुनाव के 217 संकल्पों में से 63 पूरे किये जा चुके हैं, जबकि बाकी पर तेजी से काम चल रहा है। उन्होंने 'लाडो लक्ष्मी योजना' और शहरी आवास योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और अन्य दलों से कई वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री और जनप्रतिनिधि अपने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल हुए।
श्री बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और भाजपा हर वादे को पूरी प्रतिबद्धता से लागू करेगी। मंत्री विपुल गोयल ने भी सरकार की नीतियों और बजट को विकासोन्मुख बताते हुए भाजपा की कार्यशैली की सराहना की।
कार्यक्रम में कई मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित