चंडीगढ़ , मई 06 -- हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि आगामी स्थानीय नगर निकाय चुनावों के दौरान मतदाताओं की सुविधा के लिए सभी मतदान केंद्रों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, सभी उपायुक्तों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदान दिवस पर मतदाताओं को सुगम और व्यवस्थित अनुभव प्रदान किया जाए। इसके तहत मतदान केंद्रों पर स्पष्ट साइनज, हेल्प डेस्क, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, ताकि मतदाता आसानी से अपने बूथ तक पहुंच सकें।
विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और अस्वस्थ मतदाताओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्थाएं की जाएंगी। इनके लिए रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतारों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी, जिससे वे बिना किसी परेशानी के मतदान कर सकें।
उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुविधा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए महिला स्टाफ की नियुक्ति, पृथक कतारें और आवश्यकतानुसार अलग व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही मतदान केंद्रों पर प्राथमिक उपचार (फर्स्ट-एड) और जरूरत पड़ने पर पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी। जिन केंद्रों पर अधिक भीड़ की संभावना है, वहां अतिरिक्त स्टाफ, वाहनों की व्यवस्था तथा एनसीसी और एनएसएस के स्वयंसेवकों की मदद ली जाएगी, ताकि कतारों का सुचारू संचालन हो सके।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक जिले में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और मतदाता कल्याण उपायों की निगरानी करेगा। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इन व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित