पटना , जनवरी 19 -- पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने सोमवार को अटल पथ के समीप प्रस्तावित यूनिटी मॉल (पीएम एकता मॉल) के स्थल का भ्रमण एवं निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्थल की उपलब्धता, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा मानकों तथा प्रस्तावित सुविधाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

नगर आयुक्त ने स्थल भ्रमण के क्रम में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजना से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं, जिससे भविष्य में आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन, सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था तथा आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

उल्लेखनीय है कि यूनिटी मॉल का निर्माण "वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी)" की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस मॉल के माध्यम से बिहार के विभिन्न जिलों एवं भारत के हर राज्य एवं केंद्र शासित प्रदेश के पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित एवं विपणन का अवसर प्राप्त होगा, जिससे स्थानीय कारीगरों, शिल्पकारों एवं उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान होगी।

पीएम एकता मॉल का कुल स्थल क्षेत्रफल 12054 वर्गमीटर (लगभग 2.978 एकड़) है। प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत 3069.67 वर्गमीटर क्षेत्र में ग्राउंड कवरेज निर्धारित है। मॉल का निर्माण बेसमेंट ग्राउंड 5 तल्ले के रूप में प्रस्तावित है, जिसमें कुल 19466.1 वर्गमीटर निर्मित क्षेत्र शामिल होगा।

निरीक्षण के दौरान निदेशक (प्रशासन), आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार, उनके अन्य अधिकारी, पटना नगर निगम के अधिकारी एवं बुडको के अधिकारीगण उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित