पटना , फरवरी 12 -- पटना के नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने गुरूवार को मंगलतालाब परिसर में विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया।

श्री मीणा ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अभियंताओं एवं कार्यपालक एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।मंगलतालाब में संचालित विकास परियोजना के अंतर्गत चहारदीवारी का निर्माण, इंटरनल रोड नेटवर्क का विकास, नाला निर्माण, चिल्ड्रन पार्क का निर्माण, मिट्टी भराई सहित अन्य आधारभूत संरचनात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

नगर आयुक्त श्री मीणा ने सभी कार्यों को तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मंगलतालाब क्षेत्र के समग्र विकास से स्थानीय नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ प्राप्त होंगी तथा क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी सुनिश्चित होगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत कार्य इसी माह प्रारंभ किया गया है तथा परियोजना को जून 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।निरीक्षण के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता एवं अन्य अधिकारी उपस्थिति थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित