बीजापुर , अप्रैल 22 -- ) छत्तीसगढ़ में नक्सल-मुक्त हुए बीजापुर जिले को विकास की नयी दिशा देने के उद्देश्य से कलेक्टर संबित मिश्रा ने बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने पर विस्तार से चर्चा हुई।
करीब चार दशकों तक माओवाद प्रभावित रहे बीजापुर में अब हालात सामान्य होने के बाद प्रशासन ने सामुदायिक सहभागिता को विकास का मुख्य आधार माना है। श्री मिश्रा ने कहा कि नक्सल-मुक्त वातावरण जिले के समग्र विकास के लिए एक बड़ा अवसर है, जिसका लाभ सभी तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
बैठक में उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पूर्व में रिपोर्टिंग के दौरान आने वाली चुनौतियों और वर्तमान में बदलती परिस्थितियों पर प्रकाश डाला। साथ ही, स्थानीय समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
कलेक्टर ने प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर तालमेल, पारदर्शिता और सहभागिता को विकास की कुंजी बताते हुए कहा कि मीडिया की सक्रिय भूमिका से शासन की योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव होगा, जिससे जनभागीदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को कलेक्टर और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच नियमित बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि संवाद और समन्वय को निरंतर मजबूत किया जा सके।
इस पहल को बीजापुर की बदलती तस्वीर की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिले के कई मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित