किशनगंज, जनवरी 23 -- बिहार में किशनगंज जिले की पुलिस ने अवैध लॉटरी गिरोह का उद्भेदन करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शहर के कसेरा पट्टी में गुरुवार को देर रात की गई कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी संख्या में लॉटरी टिकट बरामद करने के साथ इस धंधे में लिप्त पांच लोगों कि गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों में कसेरा पट्टी के मोहम्मद नसीम, शाकिर आलम, मोतीबाग के अली खान, सूरज टेउसा और तेघरिया के कृष्णा महतो का नाम शामिल है।उनके पास से दो लाख 61 हजार जाली लॉटरी कूपन, 23 हजार 894 रूपये नगदी,38 डायरी तथा आठ मोबाइल फ़ोन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक( एसपी) संतोष कुमार ने आज यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जिले में अवैध evamजाली लॉटरी बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। इस सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) गौतम कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित कर कसेरा पट्टी मे छापेमारी की गई और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने कहा कि गिरोह का मास्टर माइंड नसीम है और आगे इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क की पहचान करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लॉटरी की छपाई बंगाल में की जाती थी और जिले के आसपास के क्षेत्र में इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद अन्य मामले उजागर हो सकते है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित