रायपुर , फरवरी 11 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में नकली दवा कारोबार से जुड़े आरोपी के साथ मुलाकात के मामले में राज्य शासन ने अतिरिक्त औषधि नियंत्रक (एडीसी) संजय नेताम को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस स्टिंग ऑपरेशन के सामने आने के बाद की गई है, जिसमें श्री नेताम को आरोपी खेमराम बानी के साथ एक रेस्टोरेंट में बैठक करते हुए दिखाया गया था।

सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब आरोपी पर नकली दवा कारोबार से जुड़े गंभीर आरोप लगे हुए हैं। स्टिंग ऑपरेशन के सार्वजनिक होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन ने त्वरित प्रभाव से संजय नेताम को निलंबित करने का आदेश जारी किया।

इस बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राखी सिंह ठाकुर भी मौके पर मौजूद थीं। शासन ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से जशपुर स्थानांतरित कर दिया है। हालांकि उनके खिलाफ किसी अनुशासनात्मक कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सरकारी सूत्रों का कहना है कि पूरे प्रकरण की विभागीय जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मुलाकात का उद्देश्य क्या था और क्या इसमें किसी प्रकार की प्रशासनिक या कानूनी चूक हुई है।

नकली दवा कारोबार जैसे संवेदनशील विषय से जुड़े इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें विभागीय जांच की रिपोर्ट पर टिकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित