टिहरी , दिसंबर 30 -- नए साल के स्वागत को लेकर देशभर के पर्यटन स्थलों में उत्साह का माहौल है। उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं है। जैसे-जैसे नया साल नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे में एडवांस बुकिंग तेज़ी से हो रही है।
इस बीच टिहरी झील पर्यटकों की खास पसंद बनकर उभरी है। शांत वातावरण, स्वच्छ हवा और प्राकृतिक सुंदरता के कारण बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। झील के आसपास नए साल के जश्न को लेकर तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
रोमांच के शौकीन पर्यटकों के लिए टिहरी झील आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। यहां मोटर बोटिंग, स्पीड बोटिंग और पैरा सेलिंग जैसी वाटर एडवेंचर गतिविधियों का आनंद लिया जा रहा है। दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से पर्यटक इन गतिविधियों का अनुभव करने टिहरी पहुंच रहे हैं।
पर्यटकों का कहना है कि महानगरों में बढ़ते प्रदूषण और भीड़भाड़ से दूर पहाड़ों की शांति उन्हें सुकून देती है। अन्य प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर जाम और अत्यधिक भीड़ की समस्या के चलते उनका समय भी खराब होता है, जबकि टिहरी में उन्हें अलग और शांत अनुभव मिल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित