इटावा , दिसंबर 29 -- एशियाई शेरों के सबसे बड़े आशियाने के रूप में देश दुनिया में लोकप्रिय उत्तर प्रदेश के इटावा सफारी पार्क के पर्यटकों को नए साल पर सरप्राइज गिफ्ट मिलेगा।
पार्क के उपनिदेशक डॉ.विनय कुमार सिंह ने सोमवार को यूनीवार्ता को बताया कि नए साल पर इटावा सफारी पार्क आने वाले हर पर्यटक के लिए सरप्राइज गिफ्ट भी रखा गया है। पर्यटक इटावा सफारी पार्क आएंगे तब उसको वह गिफ्ट जरूर मिलेगा लेकिन वह गिफ्ट क्या होगा यह तो तभी स्पष्ट हो सकेगा जब पर्यटक इटावा सफारी पार्क आयेगे।
उम्मीद जताई जा रही है कि नए साल पर देशभर से बड़ी संख्या में पर्यटक इटावा सफारी पार्क वन्यजीवों के दीदार करने के लिए पहुंचेंगे। इटावा सफारी पार्क प्रबंधन ने पर्यटको को वन्य जीव अच्छे से देखने को मिल सके इसके लिए बेहतर इंतजाम करके रखा हुआ है।
उपनिदेशक ने बताया कि दूर दराज से आने वाले पर्यटक ऑनलाइन टिकट की बुकिंग भी कर सकते हैं ताकि उनको इटावा सफारी पार्क आने के बाद किसी भी तरह की कठिनाई ना हो।
इटावा सफारी पार्क आने वाले पर्यटक बेहद खुश और प्रफुल्लित बने हुए हैं उनका कहना है कि उन्हें इटावा सफारी पार्क में शेरों से लेकर के दूसरे अन्य वन्य जीव बहुत ही आसानी से देखने को मिल पा रहे हैं इससे पर्यटक बेहद खुश है।
चंबल घाटी में बसे इटावा सफारी पार्क में हर पर्यटक को एहसास होता है कि वाकई में वह वन्य जीवों के सबसे बड़े संसार में आ चुका है। इटावा सफारी पार्क की देश दुनिया में एशियाई शेरों के सबसे बड़े आशियाने के रूप में पहचान बनी हुई है लेकिन इसके बावजूद यहां पर शेरों के अलावा तेंदुए,भालू,सांभर,हिरण,काले हिरन,बारहसिंघा बड़ी संख्या में पर्यटकों को देखने को हर हाल में मिलेगे।
इटावा सफारी पार्क के प्रबंधन की यह गारंटी है कि एशियाई शेरों से लेकर के सभी अन्य वन्य जीवों के दीदार बिल्कुल नजदीक से पर्यटक कर सकते है। राजधानी लखनऊ से मात्र 3 घंटे, ताजनगरी आगरा से 2 घंटे,देश की राजधानी दिल्ली से मात्र 4 घंटे से इटावा सफारी पार्क बड़ी आसानी से पहुंच सकते है। इटावा सफारी पार्क में पांच सफारी बनी हुई है, लाइन सफारी,बीयर सफारी,डीयर सफारी,एंटीलोप सफारी और लेपर्ड सफारी में वन्य जीवों को बिल्कुल ही नजदीक से पर्यटक देख सकते है।
यहां आने के बाद पर्यटक 2 से लेकर के 3 घंटे तक सफारी का भ्रमण करके आनंद की अनुभूति हासिल कर सकते हैं।
इटावा सफारी पार्क आने वाला हर पर्यटक के लिए सफारी प्रबंधन ने कई किस्म की अलग-अलग गाड़ियां करके रखी हुई है।
पर्यटक अपनी सुविधा के मुताबिक उन गाड़ियों में वन्यजीवों को देखने के लिए जा सकते हैं।
अगर कोई पर्यटक अपने परिवार के साथ जाना चाहता है तो वह पूरी गाड़ी को भी बुक कर सकता है उसके लिए निर्धारित मानक के मुताबिक उसकी भुगतान भी करना पड़ेगा। सफारी में कुछ ऐसी भी खुली गाड़ियां है जिनके माध्यम से पर्यटक इटावा सफारी पार्क में भ्रमण करके आनंद हासिल कर सकते हैं। लायन सफारी में जाने वाले पर्यटकों के लिए एक सुरक्षा गाड़ी का भी इंतजाम करके रखा गया है अगर किसी पर्यटक पर कोई शेर हमला करता है तो सुरक्षा इंतजाम गाड़ी में रहने वाले सुरक्षाकर्मी तात्कालिक तौर पर उसको काबू करने की प्रक्रिया अपना सके।
सफारी में किसी भी पर्यटक को खुले मैदान में घूमने की अनुमति नहीं है क्योंकि वन्य जीव किसी पर भी किसी भी क्षण हमला भी कर सकता है। लायन सफारी में तीन की संख्या में शेरों को छोड़ा गया है जिनको देखकर के पर्यटक आनंदित होते हैं।
लेपर्ड सफारी में पांच की तादात में लेपर्ड छोड़े गए हैं जो सफारी में भ्रमण शील रहते हैं, लेपर्ड सफारी में एक टफन ग्लास भी लगाया गया है जिनके माध्यम से भी पर्यटक लेपर्ड को देख सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित