रामनगर , दिसंबर 20 -- उत्तराखंड के रामनगर में नए साल और 31 दिसंबर के जश्न को देखते हुए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन ने पूरे पार्क क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने वनकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने आज बताया कि 25 दिसंबर (क्रिसमस) और 31 दिसंबर (न्यू ईयर) के दौरान पर्यटकों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है। इसी दौरान अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों की सक्रियता की संभावना भी बढ़ जाती है। इसे देखते हुए पूरे टाइगर रिजर्व में अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि वनकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी और स्टाफ की छुट्टियां केवल विशेष परिस्थितियों में उच्च स्तर की अनुमति के बाद ही दी जाएंगी। कॉर्बेट प्रशासन का साफ संदेश है कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नए साल के जश्न के दौरान हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

उन्होंने बताया कि खासतौर पर कॉर्बेट पार्क की दक्षिणी सीमा, जो उत्तर प्रदेश से लगती है, वहां लगातार ई-सर्विलांस सिस्टम, ड्रोन कैमरों और आधुनिक उपकरणों के जरिए निगरानी की जा रही है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के संवेदनशील इलाकों में इस दौरान शिकारियों और वन्यजीव तस्करों की घुसपैठ की आशंका अधिक रहती है। त्योहारों और जश्न के माहौल के बीच असामाजिक तत्व जंगलों में सक्रिय हो सकते हैं, इसी आशंका के मद्देनज़र पार्क प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। हालांकि फिलहाल विभाग को किसी प्रकार का ठोस खुफिया इनपुट नहीं मिला है, फिर भी एहतियात के तौर पर सुरक्षा के सभी इंतजाम किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित