भदोही , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश के भदोही की यूको बैंक शाखा में युवक ने धोखे से नौकरी प्राप्त किया। बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि यूको बैंक शहर शाखा में फर्जी ढंग से लिपिक पद नौकरी करने का मामला प्रकाश में आया है। शाखा प्रबंधक की लिखित शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
शाखा प्रबंधक सैफ अहमद ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 6 अक्तूबर, 2021 में बैंक में क्लर्क पद के लिए आवेदन मांगे थे। जिसमें भर्ती की प्रक्रिया बायोमैट्रिक परीक्षा संकलन के आधार पर किया जाना था। नियमों के हिसाब से अभ्यर्थी को अपने मूल अभिलेखों सहित बायोमेट्रिक विवरण अपलोड करना अनिवार्य था। इसके अलावा प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के प्रत्येक चरण में अभ्यर्थियों के अंगुली तथा चेहरे की बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन की जानी थी।
बिहार के पटना, सलीमपुर, डोभा निवासी है विपिन कुमार ने क्लर्क पद के लिए आवेदन किया और अपने विवरण अपलोड किए। चयनित होने के बाद वह 30 जून 2022 को यूको बैंक में कार्यभार ग्रहण कर वेतन और अन्य सेवा लाभ प्राप्त करने लगा। बायोमैट्रिक सत्यापन के दौरान मिसमैच होने पर पता चला कि उसकी जगह किसी और ने परीक्षा दी थी।
आरोप है कि युवक ने धोखे से बैंक में क्लर्क की नौकरी प्राप्त की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित