भदोही , दिसंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में कोहरा और धुंध के चलते भदोही में कालीन उत्पादन बुरी तरह प्रभावित है। चटक धूप नहीं निकलने के कारण कालीन के उत्पादन पर विपरीत असर देखा जा रहा है।
जिले में पिछले लगभग एक सप्ताह से ठंड के तेवर तल्ख है। सुबह 11 बजे तक कोहरा छाया रहता है जिससे दृश्यता स्तर काफी कम हो जाता है। दिन में एकआध घंटे मामूली धूप निकलने के बाद फिर सूर्यदेव गायब हो जाते हैं। आसमान में धूप न निकलने से कालीन के उत्पादन पर काफी असर दिखाई पड़ रहा है।
कालीन निर्यात संवर्धन परिषद (सीईपीसी) के उपाध्यक्ष असलम महबूब ने बताया कि धूप न निकलने के कारण टफ्टेड कालीनों की लिटेक्सिंग नहीं हो पा रही है। लिटेक्सिंग के बाद कालीन को दो दिनों तक कड़ी धूप की आवश्यकता होती है। इसी तरह आसमान में छाए कोहरे की धुंध के कारण डाइंग के बाद न तो काती सूख पा रही है, न वाशिंग के बाद गलीचे ही सूख पा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित