चंडीगढ़ , फरवरी 06 -- पंजाब और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर भले ही अब समाप्ति की ओर हो, लेकिन सर्दी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों तक क्षेत्र में ठंडी हवाएं चलती रहेंगी। हालांकि दिन के समय तेज धूप निकलने की संभावना है, फिर भी सुबह और शाम के समय ठंड का अहसास बना रहेगा।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), चंडीगढ़ के मुताबिक 18 से 20 फरवरी के दौरान पश्चिमी विक्षोभ रुक-रुक कर सक्रिय रहेंगे, जिससे मौसम में हल्की ठंडक बनी रहेगी। इसके चलते तापमान में बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है, लेकिन हवाओं के कारण सर्दी का असर महसूस किया जा सकता है। मौसम विभाग द्वारा आज जारी आंकड़ों के अनुसार, पंजाब में औसत न्यूनतम तापमान में कल की तुलना में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे कड़ाके की ठंड से लोगों को आंशिक राहत मिली है। हालांकि विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित