धार , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य विभिन्न खरीदी केंद्रों पर शुरू हो गया है। शुक्रवार को भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती एवं किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पटेल ने धार स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र पहुंचकर तोल कांटा पूजन कर खरीदी का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान अतिथियों ने किसानों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने भी सरकार की इस व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के सम्मान, समृद्धि और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित गेहूं उपार्जन व्यवस्था सरकार की किसान हितैषी नीति और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जाए। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश रावला, जिला मंत्री आरती पटेल, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रवि पाटीदार, तिरला मंडल अध्यक्ष शुभम पाटीदार, जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा, रोहित पाटीदार सहित अनेक किसान एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित