धार , अप्रैल 8 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में डकैती के रूप में सामने आए हत्या के एक मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए पत्नी और उसके प्रेमी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उप महानिरीक्षक मयंक अवस्थी ने आज यहां बताया कि सरदारपुर तहसील के राजोद थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदीखेड़ा में हुई व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित की हत्या के मामले में उसकी पत्नी प्रियंका पुरोहित ही मुख्य साजिशकर्ता निकली। प्रारंभ में महिला ने डकैती की झूठी कहानी बताई थी, लेकिन जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने गहन पड़ताल की।

जांच में सामने आया कि प्रियंका की मुलाकात वर्ष 2017 में एक शादी समारोह में कमलेश नामक युवक से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। पति की रोकटोक और विवाद के चलते दोनों ने मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के अनुसार करीब दस दिन पहले हत्या की योजना बनाई गई और आदतन अपराधी सुरेंद्र भाटी को एक लाख रुपये में सुपारी दी गई। 7 अप्रैल की रात आरोपी ने घर में घुसकर सो रहे देवकृष्ण पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को डकैती का रूप देने के लिए घर से आभूषण और नकदी भी ले जाई गई।

घटना के बाद प्रियंका ने परिजनों के सामने डकैती की कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस को उसके बयानों और गतिविधियों पर संदेह हुआ। साइबर जांच में सामने आया कि घटना के एक दिन पहले तक वह अपने प्रेमी के संपर्क में थी। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने मामले में प्रियंका पुरोहित और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सुपारी किलर की तलाश जारी है। मामले के खुलासे में क्राइम ब्रांच सहित विभिन्न थानों की टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित