धार , अप्रैल 23 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मनावर क्षेत्र में एक आवारा श्वान ने महज तीन घंटे के भीतर 26 लोगों और 3 मवेशियों पर हमला कर दहशत फैला दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए घरों व दुकानों में छिपने को मजबूर हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे धार रोड क्षेत्र में एक लाल रंग का श्वान अचानक आक्रामक हो गया और राहगीरों पर हमला करने लगा। देखते ही देखते हमलों की संख्या बढ़ती गई और सुबह 11 बजे तक 23 से अधिक लोग घायल हो चुके थे। हमले का दायरा धार रोड से अंबिका कॉलोनी तक फैल गया।
घटना के बाद घायलों को सिविल अस्पताल मनावर लाया गया, जहां बड़ी संख्या में मरीजों की भीड़ लग गई। अस्पताल सूत्रों के अनुसार घायलों में 6 वर्ष के बच्चों से लेकर 40 वर्ष तक के लोग शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 14 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
डॉक्टरों ने बताया कि संक्रमण के खतरे को देखते हुए घायलों को एंटी-रेबीज वैक्सीन और इम्युनोग्लोब्युलिन इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। ड्यूटी डॉक्टर लखनसिंह जमरा और इंजेक्शन कक्ष प्रभारी श्वेता चौहान की देखरेख में उपचार जारी है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष चौहान ने बताया कि हमलावर श्वान को पकड़ने के लिए 10 सदस्यीय विशेष टीम गठित की गई है, जो धार रोड, अंबिका कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित