धार , फरवरी 16 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में स्थायी फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना धार पुलिस ने पिछले 72 घंटों में 30 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मासिक समीक्षा बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा प्रकरणों में फरार स्थायी वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा के निर्देशन में थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान द्वारा चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर वारंटियों की घेराबंदी की और उन्हें गिरफ्तार कर थाने लाया गया, जहां से आवश्यक कार्रवाई उपरांत न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों में गोला उर्फ रवि, विष्णु प्रजापत, अजय भूरिया, इमरान, प्रेम गावड, कमल सिंह, बलराम सिंह, सिद्धार्थ उर्फ छोटिया, राहुल तथा भोला शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि फरार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सउनि सुनील कुशवाहा सहित प्रआरक्षक अरविंद चौहान, अजय चौहान, मनीष सोलंकी, मीतेश, आसिफ तथा सुनील यादव का विशेष योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित