धार , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में राजगढ़-कुक्षी मार्ग स्थित टांडा घाट पर एक निजी यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे करीब 15 यात्री घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि चालक घटना के बाद फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भगवती ट्रैवल्स की बस राजगढ़ से मनावर की ओर जा रही थी। टांडा घाट के अंधे मोड़ पर तेज गति के कारण बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को टांडा, राजगढ़ और सरदारपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में एक युवक के दोनों पैर बस के नीचे दब गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी पत्नी भी घायल अवस्था में मौके पर मौजूद रही। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटाकर आवागमन बहाल किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित