धार , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में रविवार देर रात महज सात घंटे के भीतर पांच अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में भाजपा नेता सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है।

पहली घटना धामनोद थाना क्षेत्र के ग्राम दूधी रपट पर हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मृतक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मृतक की पहचान के प्रयास कर रही है।

दूसरी घटना औद्योगिक नगरी पीथमपुर में महू-नीमच मार्ग पर हुई, जहां एक अनियंत्रित आयशर वाहन सड़क किनारे स्थित पान की गुमटी में जा घुसा। गनीमत रही कि हादसे के समय गुमटी में कोई मौजूद नहीं था। चालक केबिन में फंस गया था, जिसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

तीसरी घटना बदनावर के पेटलावद मार्ग पर हुई, जहां एक पिकअप वाहन ने बाइक सवार विक्रम भील (55) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है।

चौथी घटना बदनावर के नागदा बस स्टैंड के पास लेबड़-नयागांव फोरलेन पर हुई, जहां भाजपा के पूर्व जनपद सदस्य प्रतिनिधि डॉ. एनके जैन को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल डॉ. जैन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के बाद कार चालक फरार हो गया।

पांचवीं घटना धामनोद के समीप राऊ-खलघाट मार्ग स्थित नए गणपति घाट पर हुई, जहां कार पलटने से 19 वर्षीय इरफान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। हादसा सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में अधिकांश हादसों का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित