अल्मोड़ा , अप्रैल 07 -- उत्तराखंड की केबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने मंगलवार को सोमेश्वर स्थित श्री हरज्यू मंदिर में आयोजित देव पूजन वैशी कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती आर्य ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक आस्था से जुड़े स्थलों के संरक्षण और संवर्धन के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि मानसखंड माला योजना के तहत विभिन्न तीर्थ स्थलों का जीर्णोद्धार और विकास किया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विनोद बोरा, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद मेहरा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित