नैनीताल , फरवरी 28 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी में पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएसपी मल्टी सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर का शुभारंभ समाज के प्रति समर्पित एक ऐसे परिवार की कहानी को दर्शाता है, जिसने अपने जीवन मूल्यों को कर्म के माध्यम से साकार किया है।

श्री धामी ने पीएसपी के संस्थापक जगदीश सिंह पिमोली के संदर्भ में कहा कि बागेश्वर जिले के गागरी गोल गांव से निकलकर उन्होंने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि एक साधारण ग्रामीण परिवेश से प्रारंभ हुई उनकी यात्रा आज स्वास्थ्य सेवा के इस आधुनिक केंद्र तक पहुँची है, जो प्रेरणास्पद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 250 बेड का यह आधुनिक मल्टी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है। यह संस्थान भविष्य में चिकित्सा उत्कृष्टता के मानचित्र पर उत्तराखंड को और अधिक सशक्त बनाएगा।

श्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है। यह अभियान बालिकाओं में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी हमारी बेटियों के जीवन के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही थी। बेटियों को इस गंभीर रोग से सुरक्षित करने के संकल्प के साथ यह राष्ट्रव्यापी अभियान प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक सुलभ और प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस मौके पर सांसद अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक कपकोट सुरेश गड़िया, मेयर हल्द्वानी गजराज सिंह बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

श्री धामी ने इसके पश्चात् हल्द्वानी में थाल सेवा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और थाल सेवक के रूप में जरूरतमंदों को भोजन परोसा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि थाल सेवा सच्ची जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं की जीवंत मिसाल है।

यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल का कार्य कर रही है तथा समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित