देहरादून, फरवरी 19 -- उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आगामी 9 मार्च से गैरसैंण मे आहूत होने जा रहे विधानसभा सत्र को लेकर कहा कि हर बार की तरह इस बार भी मुख्यमंत्री जनता से जुड़े प्रश्नों का जवाब देने से बच रहे हैं।

उन्होंने गुरुवार को देहरादून के राजपुर रोड स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि गैरसैंण मे आहूत होने जा रहे सत्र मे 9 मार्च सोमवार को राज्यपाल का अभिभाषण प्रस्तावित है।

परंपरागत रूप से सोमवार का दिन मुख्यमंत्री के प्रश्नकाल के लिए निर्धारित माना जाता रहा है, किंतु यह अत्यंत खेदजनक है कि मुख्यमंत्री धामी ने अपने लगभग पाँच वर्षों के कार्यकाल में एक भी सोमवार के प्रश्नकाल का प्रत्यक्ष रूप से सामना नहीं किया है।

श्री गोदियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास अनेक महत्वपूर्ण विभाग है, ऐसे में प्रश्नकाल से लगातार अनुपस्थिति लोकतांत्रिक जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रश्नकाल केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को सरकार तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है।

सदन में पूछे गए प्रश्नों के माध्यम से ही सरकार की नीतियों, निर्णयों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की पारदर्शिता सुनिश्चित होती है। अगर मुख्यमंत्री खुद उपस्थित होकर उत्तर नहीं देते, तो यह स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है।

गोदियाल ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर विधानसभा सत्र की समयावधि बढ़ाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित