रुद्रपुर , फरवरी 14 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में 295.21 करोड़ की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इसमें महत्वपूर्ण त्रिशूल चौक का लोकार्पण भी शामिल है।

मुख्यमंत्री आज देर शाम को रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले सांसद अजय भट्ट के साथ त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कांवड़ियों का स्वागत किया और इसके बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक शिव बारात में प्रतिभाग किया। इस मौके पर भारी भीड़ उपस्थित रहीं।

श्री धामी यहां से सीधे सरस मेला पहुंचे और सरस मेले के उद्घाटन के साथ ही 295.21 करोड़ की 61 विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 123.91 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और 171.30 करोड़ की 35 विकास योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

इस मौके पर सरस मेले में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए। मुख्य आकर्षण हिमनाद बैंड का शिव जागरण की प्रस्तुति रही। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और उन्होंने सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के संदर्भ में जानकारी दी।

श्री धामी ने इस मौके पर 05 घोषणाएं की जिसमें मानसखंड कोरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर व नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रूद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास का निर्माण, भूरारानी व गंगापुर सड़क का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण और गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष O2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ करने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि आज जहां हम केन्द्र सरकार के सहयोग से एक ओर लगभग 590 करोड़ रुपए की लागत से रूद्रपुर बाईपास का निर्माण कर रहे हैं वहीं, रूद्रपुर को खटीमा-टनकपुर एवं गदरपुर-जसपुर से जोड़ने वाली चार लेन सड़कों का निर्माण भी करा रहे हैं।

इस अवसर पर जनपद प्रभारी और कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा, क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित