देहरादून , दिसंबर 29 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोमवार को देहरादून में अध्ययन के लिए आये छात्र इंजेल चकमा की मृत्यु पर उनके परिजनों से फोन पर बातचीत करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया।

श्री धामी ने इस अत्यंत दुखद घटना को लेकर गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

राज्य की राजधानी के सेलाकुई क्षेत्र के एक निजी संस्थान में पढ़ने आये त्रिपुरा के छात्र इंजेल चकमा पर हमलावरों ने चाकू मार कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया था। सत्रह दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद छात्र की 27 दिसंबर को मौत हो गई। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक फरार आरोपी की तलाश जारी है।

श्री धामी ने कहा कि इस मामले को हमारी सरकार ने पूरी गंभीरता के साथ लिया है। उन्होंने कहा ऐसी अमानवीय घटनाएं राज्य में किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं की जाएगी।

इस घटना के बाद अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक फरार आरोपित पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित कर गिरफ्तारी के लिए एक टीम नेपाल भेजी है।

उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में उनकी केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक शाह से भी वार्ता हुई है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि देश-विदेश से उत्तराखंड आकर पढ़ रहे छात्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना और किसी भी पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है, इस दिशा में किसी भी स्तर पर कोई कोताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित