देहरादून , दिसम्बर 27 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवारको अपने शिविर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्य भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत, विभिन्न योजनाओं के 4224 लाभार्थी श्रमिकों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से कुल 12 करोड़ 89 लाख 85 हज़ार की धनराशि हस्तान्तरित की।
श्री धामी ने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेन्टर (सीएससी) में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का भी शुभारंभ किया, जिससे श्रमिकों को योजनाओं से संबंधित जानकारी, पंजीकरण तथा अन्य सेवाएं सुगमता से उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों की हर समस्या का निस्तारण किया जा रहा है। श्रमिकों एवं उनके आश्रितों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिनके माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण तथा सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों एवं उनके आश्रितों की आजीविका के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाकर उनके कौशल विकास से भी जोड़ने का कार्य भी किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के 191 सीएससी में श्रमिकों के लिए शुरू की गई विशेष व्यवस्था से अब उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही ब्लॉक तहसील एवं गांव स्तर में ही सीएससी के माध्यम से श्रमिकों को पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं से जुड़ी हर सहायता एक ही स्थान पर मिलेगी।
श्री धामी ने कहा कि कर्मकार बोर्ड द्वारा अब तक 51 करोड़ रुपये की धनराशि विगत छह माह में श्रमिको एवं उनके परिजनों के खातों में हस्तान्तरित की जा चुकी है। पूर्व में कर्मकार बोर्ड द्वारा श्रमिको के पंजीकरण अथवा नवीनीकरण तथा लाभ के आवेदन के लिए विकासखण्ड स्तर पर व्यवस्था का शुभारम्भ भी किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित