चम्पावत , मार्च 31 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंगलवार को चम्पावत दौरे के दौरान विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल सामने आईं हैं। उन्होंने 55.52 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निरीक्षण किया, 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया और 1000 परिवारों को मधुमक्खी पालनं से जोड़ने की योजना की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान साइंस सेंटर के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को इसे समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित केंद्र में फन साइंस गैलरी, एस्ट्रोनॉमी गैलरी, प्रशिक्षण हॉल, 120 सीटों का ऑडिटोरियम और 71 सीटों वाला प्लैनेटेरियम सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि यह केंद्र भविष्य में विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख हब बनेगा।
मुख्यमंत्री ने पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चम्पावत में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए 1000 परिवारों को इस योजना से जोड़ने की घोषणा की, जिसके लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी और युवाओं व महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को चम्पावत के विकास और "आदर्श जनपद" के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित