टिहरी , फरवरी 26 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जिले के घनसाली क्षेत्र में गुरुवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 41.21 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) में उच्चीकृत किए जाने के लिए भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत करते हुए उन्हें हनुमान गदा भेंट की गई। अस्पताल के लिए भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला और उनके परिवार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
अपने संबोधन में श्री धामी ने कहा कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनका कार्य समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए और शीघ्र लोकार्पण सुनिश्चित हो।
उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रत्येक परिवार को सालाना पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार मिल रहा है। डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाया जा रहा है। नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत इंद्राणी बंडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की मांगों पर प्राथमिकता से कार्य करने का आश्वासन दिया। उन्होंने पिलखी/बालेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की घोषणा भी की तथा सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। कुल 13.42 करोड़ रुपये से अधिक की तीन योजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें दो केंद्र पोषित एवं एक राज्य सेक्टर पोषित योजना शामिल है। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत धमातोली-घनसाली अखोड़ी मोटर मार्ग अपग्रेडेशन, नागेश्वर सौड़-गोना मोटर मार्ग अद्यतन तथा राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन भवन का पुनर्निर्माण शामिल है।
इसके साथ ही 27.78 करोड़ रुपये की लागत से पांच नई योजनाओं का शिलान्यास किया गया, जिनमें यू-प्रिपेयर योजना के तहत 50 मीटर स्टील गर्डर मोटर सेतु निर्माण, तहसील बालगंगा के आवासीय एवं अनावासीय भवन निर्माण, गंगी में स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण तथा पिलखी पीएचसी का सीएचसी में उच्चीकरण कार्य शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित