देहरादून , दिसंबर 19 -- मुख्यमंत्री पुष्कर धामी विभिन्न बैठकों के बाद शुक्रवार को अचानक डालनवाला पुलिस थाने का औचक निरीक्षण करते हुए लापरवाही पर डालनवाला थानेदार को तत्काल लाइन हाजिर किया।

मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कोतवाल अनुपस्थित पाए गए। श्री धामी ने उसके बाद थानेदार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था और जन सेवा जैसे संवेदनशील विषयों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क और प्राथमिकी और ड्यूटी रजिस्टर की गहनता से जांच करते हुए फॉलो अप की स्थिति और लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता अपनाने के साथ ही किसी भी प्रकार की ढिलाई पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिस थाने में अव्यवस्थाओं और गंदगी पर भी उन्होंने नाराजगी जताई है। इस दौरान धामी ने पुलिस थाने में आए कई शिकायतकर्ताओं से सीधी बातचीत भी की और उनके समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को औपचारिकता नहीं बल्कि उत्तरदायित्व समझकर दर्ज किया जाए।

श्री धामी ने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ा हर अधिकारी और कर्मचारी जनता के प्रति जवाब देह है। अगर जनसेवा में लापरवाही ,अनुशासनहीनता या संवेदनहीनता पाई जाती है तो उसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था में सुधार पारदर्शिता और जवाब देही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित