अमृतसर , अप्रैल 15 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदरसिंह धामी ने खालसा साजना दिवस बैसाखी के अवसर पर श्री आनंदपुर साहिब में नतमस्तक होकर लौट रहे श्रद्धालुओं की बस के मंगलवार रात दुर्घटनाग्रस्त होने से छह श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं के प्रति भी संवेदना व्यक्त की है।
एडवोकेट धामी ने बुधवार को कहा कि इस भयानक हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के लिए यह अत्यंत दुखद समय है। उन्होंने 'कर्ता पुरख' (अकाल पुरख) के चरणों में दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मिक शांति और घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए अरदास की।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि कमेटी दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और पीड़ितों की हर संभव सहायता की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित