नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से चारधाम यात्रा के दौरान व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया है।
श्री धामी ने सोमवार को यहां कर्तव्य भवन स्थित श्री पुरी के कार्यालय में उनसे भेंट की और कहा कि अप्रैल से नवम्बर तक संचालित होने वाली चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखण्ड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि में लगभग 9.68 लाख व्यावसायिक सिलेंडरों की आवश्यकता होती है, इसलिए केंद्र सरकार का इस दौरान रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है।
मानसून अवधि (जून से सितम्बर) तक आपदाजन्य संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए श्री धामी ने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत (करीब 48 हजार सिलेंडर) आवंटन की भी मांगा, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। पर्वतीय एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखण्ड में पर्यटन, विशेषकर धार्मिक पर्यटन, अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और चारधाम यात्रा इसका अहम हिस्सा है।
श्री पुरी ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया और राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित