चम्पावत , मार्च 30 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को चम्पावत दौरे पर आयेंगे। मुख्यमंत्री जिले में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही 'मुख्य सेवक जनसंवाद' कार्यक्रम में प्रतिभाग कर स्थानीय लोगों से सीधे संवाद करेंगे।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर से सुबह चम्पावत हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद वह साइंस सेंटर पहुंचकर निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री गांधी चौक में राष्ट्रीय ध्वज का अनावरण करेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल, वीर-वीरांगनाओं एवं आम नागरिकों से संवाद करने के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे।

दोपहर में मुख्यमंत्री गौरलचौड़ मैदान स्थित ऑडिटोरियम में यूकॉस्ट की ओर से आयोजित सी फार स्टेम कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां वह मेधावी छात्राओं को सम्मानित करेंगे।

अपने दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री मीडिया से भी वार्ता करेंगे। प्रशासन की ओर से उनके दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित