महासमुंद , जनवरी 28 -- छत्तीसगढ के महासमुंद जिले में अवैध धान परिवहन एवं भंडारण पर प्रशासन की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में जिले की धान मिलों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। जिले में कस्टम मिलिंग के तहत पंजीकृत कुल 172 धान मिलों में से अब तक 108 धान मिलों का भौतिक सत्यापन पूरा किया जा चुका है।
सत्यापन के लिए राजस्व, खाद्य, पुलिस एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम गठित की गई है। जांच के दौरान 10 धान मिलों में धान की कमी पाई गई, जबकि 31 धान मिलों में निर्धारित स्टॉक से अधिक धान पाया गया, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
बुधवार को यह ताजा मामला महासमुंद स्थित पितावली धान मिल का है, जहां भौतिक सत्यापन के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। मंडी अभिलेखों में दर्शाए गए खरीदे गए धान का स्टॉक, धान मिल परिसर में किए गए भौतिक सत्यापन से मेल नहीं खा रही था। इस लापरवाही और नियम उल्लंघन को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान मिल को सील कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित