सिवनी , जनवरी 15 -- मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान किसान के भुगतान हेतु चालान देने के नाम पर रिश्वत लेते हुए एक कंप्यूटर ऑपरेटर को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त निर्देशों और पुलिस उप महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले ने बताया कि आवेदक दुर्गेश पिता कुंजीलाल चंद्रवंशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम भोमाटोला, थाना कान्हीवाड़ा, जिला सिवनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार धान की तुलाई के बाद भुगतान के लिए चालान देने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। सेवा सहकारी समिति उड़ेपानी के सेल्समैन (खरीदी प्रभारी) हसीब पिता यासीन अंसारी द्वारा 1800 रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
योजना के तहत 15 जनवरी 2026 को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने ग्राम समनापुर स्थित धान खरीदी केंद्र में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान सहआरोपी मुकेश पिता चेतन सिंह ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, पद कंप्यूटर ऑपरेटर (दैनिक वेतनभोगी), उड़ेपानी को 1500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 12, 13(1)(बी) एवं 13(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकला मस्कुले, ट्रैप लीडिंग ऑफिसर निरीक्षक जितेंद्र यादव सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित