बड़वानी , अप्रैल 30 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में विवाह के बाद कथित रूप से धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने एक शासकीय कर्मचारी सहित चार लोगों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी के अनुसार पीड़िता की शिकायत पर आगर मालवा में पदस्थ शासकीय कर्मचारी अमन खान, उसकी मां यासमीन खान, चाचा मजहर खान और बुआ जाहिदा खान के खिलाफ मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता, जो ब्यूटी पार्लर संचालित करती है, सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपी के संपर्क में आई थी। आरोप है कि आरोपी ने विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ संबंध बनाए और बाद में वर्ष 2024 में कथित रूप से घर में विवाह किया।
शिकायत में यह भी आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता पर दो बार गर्भपात कराने का दबाव बनाया और बाद में उसे साथ रखने से इनकार करते हुए धर्म परिवर्तन कर विशेष रीति-रिवाज अपनाने की शर्त रखी। परिजनों द्वारा भी कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में कुछ संगठनों द्वारा थाने पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग भी की गई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित