देहरादून , दिसंबर 03 -- दिवंगत फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियां बुधवार को हरिद्धार में गंगा नदी में विसर्जित की गईं।

धर्मेंद्र के पोते करण देओल ने अपने पिता और जाने-माने बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और चाचा बॉबी देओल की मौजूदगी में अस्थि विसर्जन की रस्म को औपचारिक रूप से पूरा किया।

सनी और बॉबी आज सुबह धर्मेंद्र की अस्थियों का कलश लेकर हरिद्धार पहुंचे। इसके बाद करण ने हरकी पैड़ी पर पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अस्थियों को विसर्जित किया। इसके बाद पूरे परिवार ने प्रार्थना में हिस्सा लिया।

स्थानीय पुजारी राहुल श्रोत्रिय ने बताया कि परिवार ने एक होटल के पास गंगा घाट पर डुबकी भी लगाई।

धर्मेंद्र के परिवार ने अस्थि विसर्जन की पूरी रस्म को गुप्त रखा और मीडिया, राजनीतिक वर्ग और समाज के दूसरे तबकों से दूरी बनाए रखी।

इसके बाद सनी देओल और उनका परिवार हरिद्वार से जॉली ग्रांट हवाईअड्डा देहरादून के लिए रवाना हो गए।

गौरतलब है कि अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई में निधन हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित