राजनांदगाँव , दिसंबर 23 -- छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के आमाबेड़ा क्षेत्र में कथित धर्मांतरण के विरोध और जनभावनाओं के समर्थन में 'सर्व समाज छत्तीसगढ़' द्वारा 24 दिसंबर बुधवार को आहूत 'छत्तीसगढ़ बंद' को राजनांदगाँव चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने पूर्ण एवं ऐतिहासिक समर्थन देने की घोषणा की है।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष कमलेश बैद, महामंत्री अरुण डुलानी एवं कोषाध्यक्ष शिव अग्रवाल ने संयुक्त बयान जारी कर शहर के समस्त व्यापारी बंधुओं से अपील की है कि वे 24 दिसंबर को अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान पूर्णतः बंद रखकर इस बंद को सफल बनाएं।
चेम्बर पदाधिकारियों ने कहा कि धर्मांतरण एवं समाज के विरुद्ध हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ अब व्यापारी समाज को भी एकजुट होकर मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बंद केवल व्यापारिक निर्णय नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, न्याय और जनहित के पक्ष में लिया गया एक सामूहिक संकल्प है।
चेम्बर ने सभी व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे इस दौरान शांति, अनुशासन एवं एकता बनाए रखते हुए सर्व समाज के आंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने जनहित को ध्यान में रखते हुए स्पष्ट किया है कि मेडिकल स्टोर एवं पेट्रोल पंप इस बंद से मुक्त रहेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति में आम नागरिकों को असुविधा न हो।
चेम्बर पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि राजनांदगाँव का व्यापारी समाज इस बंद को पूर्ण रूप से सफल बनाकर पूरे प्रदेश में एकता और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित