धर्मशाला , फरवरी 08 -- हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में शनिवार को दिल्ली के रहने वाले एक व्यक्ति का शव होटल के कमरे में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कांगड़ा जिले के पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने रविवार को यूनीवार्ता को बताया कि मृतक की पहचान दिल्ली रोहिणी निवासी सुरेंद्र पाल गहलोत के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को अपने एक दोस्त के साथ धर्मशाला के एक निजी होटल में ठहरा था।

शनिवार सुबह होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी कि पर्यटक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहा है। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खोला, तो गहलोत कमरे के भीतर संदिग्ध अवस्था में पड़े मिले। उन्हें तुरंत जोनल अस्पताल, धर्मशाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होटल स्टाफ के अनुसार, मृतक ने शुक्रवार शाम को शराब पी थी। अगली सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो संदेह हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित