सहारनपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति वार्डनों और स्वयंसेवकों के साथ फूलों की होली खेलते हुए भाव-विभोर हो गए। मंत्री श्री प्रजापति नागरिक सुरक्षा कोर द्वारा आयोजित वार्डन एवं स्वयंसेवक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने वार्डनों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर तथा पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

पत्रकारों से बातचीत में श्री प्रजापति ने विभाग की उपलब्धियों और सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार केंद्र सरकार द्वारा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों के क्षमता निर्माण के लिये विशेष बजट आवंटित किया गया है, जो केंद्र और प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है।

उन्होंने स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि वे बिना किसी वेतन के अपने समय और संसाधनों से कांवड़ यात्रा, मेलों, आपदाओं एवं त्योहारों में सेवा देते हैं। उन्होंने रामायण की चौपाई 'परहित सरिस धर्म नहिं भाई' का उल्लेख करते हुए समाज सेवा को सर्वोच्च धर्म बताया।

महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने स्वयंसेवकों को "शहर के गुप्त रक्षक" बताते हुए कहा कि नगर निगम के स्वच्छता अभियानों एवं बड़े आयोजनों में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि प्रशासन को जब भी अतिरिक्त सहयोग की आवश्यकता होती है, नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवक अग्रिम पंक्ति में खड़े मिलते हैं।

अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर ने कहा कि कांवड़ यात्रा, विभिन्न धार्मिक आयोजनों एवं आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में वार्डनों का सहयोग सराहनीय रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रशिक्षण के बाद स्वयंसेवक और अधिक सशक्त होकर जनजागरूकता में योगदान देंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित