हनुमानगढ़ , मार्च 09 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पंचायत समिति नोहर के पूर्व संचालक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता मंगेज चौधरी सहित 21 व्यक्तियों को नामजद करते हुए करीब सवा सौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

सूत्रों ने बताया कि फेफाना थाना क्षेत्र में एक शराब ठेके पर विनोद नामक व्यक्ति को एक 10 से अधिक लोगों ने बुरी तरह पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। यह युवक गंभीर हालत में जयपुर के एक अस्पताल में कोमा में भर्ती है। इस घटना के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगेज चौधरी और उनके साथी पांच मार्च से धरना प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने शनिवार देर रात तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन कई आरोपी अब भी फरार हैं।

माकपा नेता मंगेज चौधरी ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू किया। रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हनुमानगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल मुख्य अतिथि थे। मंगेज चौधरी अपने साथियों के साथ जुलूस निकालकर मुख्यमंत्री से मिलने और जिले की कानून-व्यवस्था पर ज्ञापन देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही पकड़ लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित