धमतरी , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में इन दिनों एक अजीबो-गरीब लेकिन चिंताजनक चोरी का मामला सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रामबाग स्थित दीक्षित कॉलोनी में पिछले कई महीनों से एक अज्ञात चोर लगातार सक्रिय है, जिसका चोरी करने का तरीका बेहद अलग और हैरान करने वाला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह शातिर चोर देर रात कॉलोनी के घरों में घुसकर महंगे जूते-चप्पल चोरी करता है। खास बात यह है कि वह चोरी किए गए जूतों को पहनकर ही मौके से फरार हो जाता है। इसके बाद कॉलोनी में खड़े वाहनों से पेट्रोल निकालकर भी चोरी को अंजाम देता है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि अब तक कई लीटर पेट्रोल चोरी हो चुका है, जिससे लोगों में आक्रोश के साथ-साथ डर का माहौल भी बना हुआ है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद होने के बावजूद अब तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।
इधर, आसपास के वार्डों से भी इसी तरह की घटनाएं सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह कोई आदतन और शातिर चोर हो सकता है, जो लगातार इलाके में वारदातों को अंजाम दे रहा है।
कॉलोनीवासियों ने मामले की शिकायत पुलिस से की है लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फिलहाल, दीक्षित कॉलोनी के लोग दहशत में हैं और हर रात असुरक्षा की भावना के साथ रहने को मजबूर हैं। वहीं, लोगों ने जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित