धमतरी , दिसंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर की मूलभूत सुविधाओं की लगातार खस्ताहाल स्थिति और नगर निगम में अनुचित व्यवस्थाओं के विरोध में कांग्रेस पार्षदों ने निगम मुख्यालय के सामने मंगलवार से सात दिवसीय धरना प्रदर्शन शुरू किया।
धरने के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन द्वारा नगरवासियों की मूल आवश्यकताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रभावितों के पुनर्स्थापन कार्य में होने वाली देरी, निगम प्रशासन की सामान्य सभा की बैठक न बुलाने, तथा कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुख मांगों के रूप में रखा है।
धरना स्थल पर कांग्रेस पार्षदों ने जमकर नारेबाजी एवं विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें प्रशासन के खिलाफ तीखे शब्द कहे गए और जनता को हो रही असुविधाओं पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि इन मांगों पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया गया, तो वे और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
कांग्रेसी पार्षदों ने स्थानीय प्रशासन तथा निगम अधिकारियों से अपील की है कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से संज्ञान में लेकर उचित समाधान प्रस्तुत करें, अन्यथा आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित