धमतरी , दिसंबर 20 -- त्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। बीते दो दिनों के भीतर विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर फुटे चने,मिठाइयों एवं पनीर सहित कई खाद्य सामग्री की जांच की।

जांच के दौरान शहर स्थित गुरुनानक एजेंसी से फुटे चने का बड़ा स्टॉक बरामद किया गया, जो प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्टॉक को जब्त करते हुए चने में प्रतिबंधित रंग ओरा माइन की संभावित मिलावट की जांच हेतु सैंपल प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा धमतरी बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित डेयरी एवं मिठाई दुकानों की भी गहन जांच की गई। इस दौरान भगवती बीकानेरी मिठाई दुकान में कुछ मिठाइयों पर फफूंद पाई गई, जिसे खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार,एफएसएसएआई द्वारा जारी अलर्ट के बाद जिले में निर्मित एवं विक्रय हो रहे खाद्य पदार्थों की निगरानी और जांच को तेज कर दिया गया है। विभाग ने व्यापारियों को साफ-सफाई एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी देते हुए कहा है कि लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित