धमतरी , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में वन विभाग ने अवैध लकड़ी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज के आम की लकड़ी ले जा रहे एक ट्रक को जब्त किया है, जिसका खुलासा विभाग ने गुरुवार को किया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक कांकेर से रायपुर की ओर आम की लकड़ी लेकर जा रहा था। धमतरी के वन जांच चौकी पर वाहन को रोका गया। जांच में ट्रक में लाखों रुपये मूल्य की आम की लकड़ी पाई गई।

दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक आवश्यक वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया। जब्त लकड़ी को सिहावा रोड स्थित कस्टागार में उतरवाया गया।

बताया गया कि बुधवार देर रात की गई इस कार्रवाई में चालक पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही छत्तीसगढ़ वन उपज अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

वन विभाग ने यह भी बताया कि लकड़ी के स्रोत की जांच की जा रही है। यदि जंगल से अवैध कटाई की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित