धमतरी , दिसंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी में फर्जी आयकर रेड के मामले में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पीड़ित डॉक्टर के घर काम करने वाली महिला कर्मचारी सुनैना सोनी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि पैथोलॉजिस्ट डॉ. दिलीप राठौर के घर 17 नवंबर को हुई इस छापे की कार्रवाई में सुनैना शामिल थी। वह पिछले सात वर्षों से डॉ. राठौर के यहाँ कार्यरत थी और उसे घर की आंतरिक व्यवस्था और गतिविधियों की पूरी जानकारी थी।

पुलिस के अनुसार सुनैना सोनी ने ही डॉ. राठौर के घर में करीब 100 करोड़ रुपये होने की भ्रामक जानकारी एक ऑटो चालक को दी थी। इसी सूचना को आधार बनाकर आरोपियों ने खुद को आयकर अधिकारी बताकर घर में छापेमारी करने की साजिश रची थी। जांच में यह भी पता चला है कि महिला कर्मचारी ने आरोपियों को घर का नक्शा तैयार करने में सहायता प्रदान की थी जिससे अपराधियों के लिए वारदात को अंजाम देना काफी आसान हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित