बारां , अप्रैल 07 -- राजस्थान सरकार द्वारा धनिया पर आढ़त दर 2.25 प्रतिशत से घटाकर एक प्रतिशत किए जाने के विरोध में मंगलवार को बारां की धान मंडी में धनिया की नीलामी पूरी तरह बंद रही।

व्यापारियों ने सरकार के इस निर्णय का विरोध जताते हुए नाराजगी व्यक्त की।

व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि मंडी के सभी व्यापारियों ने सरकार के इस फैसले की घोर निंदा की है। उन्होंने कहा कि आढ़त दर कम किए जाने से व्यापारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

उन्होंने यह भी बताया कि मौसम विभाग द्वारा आठ अप्रैल को बारिश की संभावना जतायी गयी है। इस कारण एहतियात के तौर पर बुधवार को धान मंडी में सभी कृषि जिंसों की नीलामी पूर्णत: बंद रखी जाएगी।

व्यापार संघ ने किसान भाइयों से अपील की है कि वे इस दिन मंडी में अपना कृषि उत्पाद लेकर नहीं आएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित