नयी दिल्ली , नवंबर 23 -- उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री धनसिंह रावत सरकारी नौकरियां बेच रहे हैं और इसके बदले उम्मीदवारों से 20-20 लाख रुपए रिश्वत में ले रहे हैं।
श्री गोदियाल ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन से इतर पत्रकारों से कहा कि उत्तराखंड में लूट मची है। भ्रष्टाचार चरम पर है और राज्य सरकार के मंत्री नौकरियां देने के लिए उम्मीदवारों से लाखों रुपए रिश्वत में ले रहे हैं। खुद भाजपा के विधायक यह आरोप लगा रहे हैं और इस संबंध में उनके पास प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा "आज से नहीं, बल्कि पिछले चार साल से मैं यह बात कह रहा हूँ और यह बात सिर्फ मैं ही नहीं कह रहा हूँ। भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने स्वयं पत्र लिखकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि सहकारिता विभाग की नौकरियां 20-20 लाख रुपये में बेची जा रही हैं। वह पत्र मेरे पास भी उपलब्ध है, यदि आपको चाहिए तो मैं आपको दे सकता हूँ।"उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जिस मंत्री के बारे में उनकी ही पार्टी के विधायक लिखित आरोप लगा रहे हों कि वह 20-20 लाख में नौकरियां बेच रहे हैं, उस पर मेरा यह कहना बिल्कुल सही है कि नौकरियों को बेचने का एक कारोबार चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित