रांची , दिसंबर 28 -- झारखंड के धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र में रविवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना पाथरडीह स्थित सेवन डेज होटल के समीप हुई। बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एनबीसीसी कॉलोनी निवासी रितेश मोदी (लगभग 20 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जेलगोड़ा निवासी जीतू पासवान (लगभग 20 वर्ष) को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार बाइक अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। पुलिस सूत्रों के अनुसार दोनों युवक सिंदरी की ओर से आ रहे थे, तभी सेवन डेज होटल के पास खड़े ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

सुदामडीह थाना प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि ट्रक से बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हुई है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित